बेटे की बीएएमएस पढ़ाई के नाम पर 20 लाख की ठगी
लोन-सब्सिडी का लालच देकर मशीनरी हड़पी, कोतवाली में केस दर्ज
ललितपुर। शहर के रावतयाना मुहल्ले के अमन झा ने अपने पिता मुकेश झां के नाम से ली गई लोन राशि और सब्सिडी का पैसा हड़पने का आरोप लगाते हुए सरदार मनोज सिंह पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी ने बेटे की पढ़ाई का बहाना बनाकर परिवार को 20 लाख रुपये का चूना लगाया। पीडि़त ने बताया कि एनएच-44 झांसी-ललितपुर रोड पर बड़ी नहर के पास परिवार की दुकान शिवलाल झां को किराए पर दी गई थी। शिवलाल के साथ पार्टनरशिप में कस्बा बांसी निवासी सरदार मनोज सिंह पुत्र बलराम सिंह काम करता था। एक दिन दुकान पर बैठे अमन के पिता ने बड़े बेटे अमित झा को बीएएमएस कराने की चर्चा की। इसी दौरान सरदार मनोज सिंह ने मीठी बातों में फंसाया और कहा कि चिंता मत करो, मेरी बैंक में अच्छी पहचान है। कम ब्याज पर लोन दिलवा दूंगा, सरकार की सब्सिडी भी दिलवा दूंगा। उसने दो लोन स्वीकृत करवाने का झांसा दिया। बताया कि कुल 50 लाख रुपये 30 लाख लिमिट + 20 लाख सीसी कैश क्रेडिट। साथ ही 17.50 लाख रुपये सरकारी सब्सिडी और 7.50 लाख रुपये अन्य सब्सिडी का लालच दिया। परिवार ने पूरा भरोसा कर सभी दस्तावेज सरदार मनोज सिंह को सौंप दिए। आरोपी ने 8 लाख रुपये सी.ए., पंजाब नेशनल बैंक (गुडलक होटल शाखा) के तत्कालीन मैनेजर और खादी उद्योग कर्मचारियों के नाम से निकाल लिए। 18 लाख रुपये की मशीनरी उसके अपने फर्म रूप एग्रो इंडस्ट्रीज, शिवा इंडस्ट्रीज (राइस मिल रोड, टिब्बी हरिसिंह बाला, सरदोईगढ़, पंजाब) और कुमार ट्रेडर्स (चौकाबाग, ललितपुर) से मंगवाई गई। 1,65,280 रुपये एफडी के नाम पर अपने खाते में डलवा लिए। मशीनरी आई तो जानबूझकर कई पार्ट्स नहीं लगवाए गए, जिससे मशीनरी बंद पड़ी है। जब परिवार ने मशीनरी पूरी करवाने या पैसा वापस करने को कहा तो आरोपी टालता रहा। बाद में पता चला कि वह इसी तरह कई लोगों से ठगी करता है। शिकायतकर्ता अमन झां ने बताया कि पिता की सारी जमा पूंजी और मां मीना कुमारी के नाम का लोन भी ठगा गया। अब लोन की किस्तें भरने में असमर्थ हैं। मां-पिता बीमार हैं, घर की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई है। पुलिस ने पीडि़त की तहरीर पर उक्त के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।




