प्राइवेट स्कूल संचालकों ने की निरीक्षण टीमों पर रोक की मांग
ललितपुर जिले में प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के बैनर तले निजी विद्यालयों के संस्थापकों और संचालकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में प्रमुख रूप से इस सत्र में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम की किताबें बाजार में उपलब्ध न होने का मुद्दा उठाया गया।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान शैक्षिक सत्र में निर्धारित एनसीईआरटी पुस्तकों की भारी कमी है, जिसके कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ऐसी स्थिति में उन्होंने मांग की कि इस वर्ष निजी प्रकाशकों की पुस्तकों को संचालित करने की अनुमति दी जाए, ताकि छात्रों की शिक्षा सुचारू रूप से जारी रह सके। साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया कि आगामी शैक्षिक सत्र से पूरी तरह एनसीईआरटी पाठ्यक्रम की पुस्तकों को ही लागू किया जाएगा।
इसके अलावा, प्राइवेट स्कूल संचालकों ने विद्यालयों में हो रहे निरीक्षण को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि किताबों की अनुपलब्धता जैसी व्यावहारिक समस्याओं को देखते हुए फिलहाल निरीक्षण टीमों की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए, जिससे स्कूल प्रशासन पर अनावश्यक दबाव न बने।
इस मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन द्वारा प्रस्तुत मांगों को जिला अधिकारी के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर गठित निर्धारण समिति इन मांगों पर विचार करेगी और नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।
फिलहाल, निजी विद्यालय संचालक प्रशासन से जल्द निर्णय की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि छात्रों की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए।




