भू-माफियाओं ने फर्जी दस्तावेजों से हड़पी जमीन, विरोध करने पर परिवार को दी जान से मारने की धमकी
ललितपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत तालाबपुरा मोहल्ले में जमीन की धोखाधड़ी और जानलेवा धमकी का एक बड़ा मामला सामने आया है। दबंगों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक परिवार की पैतृक भूमि को अवैध रूप से बेच दिया और कब्जा करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने पीडि़त परिवार को हथियारों के बल पर धमकाया। पुलिस ने 17 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
साजिश रचकर बेची करोड़ों की जमीन
तालाबपुरा निवासी शिकायतकर्ता पुष्पेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि उनकी आराजी नंबर 3147 (रकवा 2.82 एकड़) के वह और उनका परिवार वैध मालिक हैं। आरोप है कि क्षेत्र के भू-माफिया मुलायम सिंह, शनि उर्फ अजय और बॉबी यादव ने एक पूर्व नियोजित साजिश के तहत इस जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इन लोगों ने यह जानते हुए भी कि जमीन उनकी नहीं है, इसे अन्य कई लोगों (कृपाल सिंह, राजेश, अनिल, सुनील आदि) को बेच दिया और स्टाम्प पेपर पर अवैध कब्जा कराने की कोशिश की।
घातक हथियारों के साथ हमला और धमकी
घटना का पता तब चला जब सोमवार, 4 मई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे पीडि़त पक्ष अपनी जमीन पर पहुंचा। वहां अवैध कब्जा कर रहे लोगों को जब रोका गया, तो वह उग्र हो गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पीडि़त परिवार पर घातक हथियारों से हमला करने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। दबंगों ने यह भी धमकी दी कि यदि उन्हें रोका गया तो वह परिवार को बलात्कार और छेडख़ानी जैसे झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भिजवा देंगे।
इन पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने पुष्पेन्द्र कुमार जैन की तहरीर पर मुख्य आरोपी मुलायम सिंह, शनि उर्फ अजय, बॉबी यादव, रंधीर उर्फ पप्पू, बहोरन सिंह, कृपाल सिंह, राजेश, अनिल यादव, सुनील यादव, उमा, बृजेश, आकाश सेन, मीना, सौरभ जैन, मयंक जोशी, भारती यादव, किरन और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस धारा 318(4), 61(2), 336(3), 340(2), 352, 131, 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।




