कटरा बाजार में टप्पेबाजी, भाई के बैग से 1.30 लाख रुपये पार
ललितपुर। शहर के व्यस्ततम इलाके कटरा बाजार में दिनदहाड़े टप्पेबाजी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तीन अज्ञात चोरों ने एक युवक के भाई के बैग से 1 लाख 30 हजार रुपए की नकदी पार कर दी। घटना उस समय हुई जब पीडि़त बाजार में खरीदारी कर रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी की खुशियों में पड़ी खलल
महरौनी के ग्राम चढऱऊ निवासी सौरभ पटेल ने कोतवाली सदर में शिकायत दर्ज कराई है कि आगामी 6 मई को उनके घर में विवाह समारोह है। इसी सिलसिले में वह शनिवार (2 मई) दोपहर करीब 3 बजे अपने भाई अन्नू के साथ कटरा बाजार स्थित एक जनरल स्टोर पर खरीदारी करने आए थे। भाई अन्नू ने पीठ पर एक बैग टांगा हुआ था, जिसमें शादी की खरीदारी के लिए 1 लाख 30 हजार रूपए रखे थे।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पीडि़त के अनुसार, जब वह दुकान पर थे, तभी तीन अज्ञात व्यक्ति पीछे से आए और बड़ी चालाकी से बैग खोलकर उसमें रखे पैसे निकालकर चंपत हो गए। यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घर में शादी का कार्यक्रम होने के कारण परिवार को इस चोरी से भारी आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सौरभ पटेल की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने तीन अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।




