कुएं में डूबने से दो युवकों की मौत, पुलिस ने शव बाहर निकलवाया
ललितपुर। थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम तैरा में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में कुएं में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बानपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को कुएं से बाहर निकलवा कर अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तैरा निवासी मुनीम (19) पुत्र नन्दू और राघवेंद्र (22) पुत्र सुखराम किसी कारणवश कुएं में डूब गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। काफी प्रयास के बाद दोनों युवकों को अचेत अवस्था में कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे से गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




