ऑपरेशन जागृति के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक
वैवाहिक विवाद सुलझाने वाले दंपतियों और काउंसलरों का हुआ सम्मान रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित सभागार में रविवार को ललितपुर पुलिस द्वारा ऑपरेशन जागृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करते हुए पारिवारिक एवं सामाजिक समस्याओं के समाधान में संवाद और काउंसलिंग की अहम भूमिका पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित महिलाओं, बालिकाओं एवं नागरिकों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, महिला हेल्पलाइन, बाल संरक्षण कानूनों तथा महिला अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में बिना किसी संकोच के पुलिस एवं संबंधित विभागों से संपर्क करें और उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें। कार्यक्रम में अपराध से पीडि़त महिलाओं को मिलने वाली सहायता, काउंसलिंग और त्वरित पुलिस कार्रवाई की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। साथ ही युवक-युवतियों एवं उनके अभिभावकों को पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए आपसी संवाद, समझदारी और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी गई।




