एसपी ने पुलिस कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
। एसपी संजीव कुमार बाजपेयी ने बुधवार को पुलिस कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यालयीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों, पत्रावलियों और कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने वाचक कार्यालय पहुंचकर प्राप्त होने वाले पत्रों, आदेशों एवं अन्य पत्रावलियों के निस्तारण की स्थिति देखी और सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने प्रधान लिपिक शाखा का निरीक्षण किया। यहां कार्यालयीय अभिलेखों एवं पत्रावलियों की जांच करते हुए सभी कार्यों को नियमानुसार और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए निर्देशित किया। एसपी ने आईजीआरएस सेल का निरीक्षण कर जनशिकायतों की स्थिति और उनके निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता के रूप में न हो, बल्कि पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए। निरीक्षण के दौरान मॉनिटरिंग सेल के कार्यों एवं अभिलेखों की भी जांच की गई। एसपी ने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा और प्रभावी अनुश्रवण करने के निर्देश दिए। डीसीआरवी सेल के निरीक्षण में संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। वहीं पैरवी सेल में न्यायालयों में विचाराधीन अभियोगों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने तथा अभियोजन कार्य को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। कन्विक्शन सेल के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चिन्हित अभियोगों में प्रभावी पैरवी करते हुए अधिक से अधिक अभियुक्तों को सजा दिलाने के लिए नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयीय कार्यों और अभिलेखों का रखरखाव सुव्यवस्थित रखा जाए। साथ ही सभी दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी और समयबद्ध तरीके से निर्वहन सुनिश्चित किया जाए।




