नझाई बाजार में जाम की समस्या दूर करने के लिए लिया गया निर्णय, डीएम ने शहरवासियों से भ्रमित न होने की अपील की
थोक फल-सब्जी विक्रेता ही अमरपुर मंडी में शिफ्ट
फुटकर विक्रेता अपने स्थान पर ही करेंगे कारोबार
ललितपुर। नझाई बाजार में फल-सब्जी मंडी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि अमरपुर मंडी में केवल फल-सब्जी के थोक विक्रेताओं को स्थानांतरित किया गया है। फुटकर विक्रेताओं को शिफ्ट नहीं किया गया है। फुटकर विक्रेता अपने वर्तमान स्थानों पर ही फल-सब्जी की बिक्री करते रहेंगे, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में नझाई बाजार स्थित फल-सब्जी मंडी में ट्रक, ट्रैक्टर सहित अन्य वाहनों के अनियंत्रित तरीके से खड़े होने और अत्यधिक भीड़ के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती थी। इससे स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं, एंबुलेंस और आम राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। डीएम ने बताया कि नझाई बाजार में फल-सब्जी बिक्री वाले स्थान पर ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से वहां के थोक फल-सब्जी विक्रेताओं को अमरपुर स्थित मंडी में स्थानांतरित किया गया है। वहीं फुटकर विक्रेताओं को उनके पूर्व स्थानों से हटाया नहीं गया है। जिलाधिकारी के अनुसार कैलगुवां चौराहा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरब्रिज बन जाने से फल-सब्जी लेकर आने वाले वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश करने के बजाय सीधे अमरपुर मंडी पहुंचने में सुविधा होगी। इससे शहर में भारी वाहनों का दबाव और यातायात संबंधी परेशानी भी कम होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि अमरपुर मंडी में पर्याप्त स्थान और चबूतरे उपलब्ध हैं, जहां व्यापारी स्टॉल लगाकर फल-सब्जी की बिक्री कर सकेंगे। व्यापारियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढऩे से आम नागरिकों और खरीदारों को उचित दर पर फल-सब्जी उपलब्ध होने की संभावना है। वहीं किसानों को भी अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने नगरवासियों से अपील की है कि मंडी को लेकर किसी प्रकार के भ्रम में न रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि फुटकर विक्रेताओं को उनके स्थान से हटाया नहीं गया है और वह यथावत फल-सब्जी बेचते रहेंगे। जिला प्रशासन का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शहर सभी का है और इसे स्वच्छ, व्यवस्थित एवं जाममुक्त बनाने में नागरिक जिला प्रशासन का सहयोग करें।




