उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

पुरानी रंजिश में शिक्षक पर जानलेवा हमला, झांसी से ग्वालियर ले जाते समय मौत

 

 

पिकअप सवारों ने रास्ता रोककर मांगे पैसे, विरोध पर पिता-पुत्री को पीटा, सिर में पत्थर मारकर किया गंभीर घायल

 

ललितपुर। पुरानी रंजिश के चलते पिकअप सवार दबंगों द्वारा रास्ता रोककर शिक्षक और उनकी पांच वर्षीय बेटी के साथ मारपीट करने का मामला अब हत्या में बदल गया। सिर में पत्थर लगने से गंभीर रूप से घायल शिक्षक की झांसी से ग्वालियर ले जाते समय देर रात रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, ग्राम झरकौन निवासी शिक्षक अभय सिंह सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद अपनी पांच वर्षीय बेटी भाग्यश्री और साथी शिक्षक महिपाल के साथ घर लौट रहे थे। कचनौंदा कला-खोखरा मार्ग पर गढाघाट पेट्रोल पंप के पास पिकअप सवार तुलसी, चंदन, मोरसिंह, मनोहर, राजेश और देवेंद्र सहित अन्य लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। पिकअप सवारों ने शिक्षक से रुपये मांगे। पैसे देने से मना करने पर गाली देना शुरू कर दी और विरोध करने पर लात-घूंसों से पिटाई करने लगे। बेटी के चिल्लाने और विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ भी पिटाई की। इसी दौरान शिक्षक के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। राहगीरों के पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग निकले। घायल शिक्षक को जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। झांसी से चिकित्सकों ने उन्हें ग्वालियर ले जाने की सलाह दी। ग्वालियर ले जाते समय देर रात रास्ते में शिक्षक ने दम तोड़ दिया।

वहीं घायल बेटी का उपचार जिला मेडिकल कॉलेज में जारी है। शिक्षक के साले केहर सिंह की तहरीर पर कोतवाली सदर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब घटना के बाद फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!