उत्तर प्रदेश
बारिश से फसल खराब होने से परेशान किसान ने कीटनाशक पीकर दी जान
ललितपुर। थाना बार क्षेत्र के ग्राम मथुराडाग निवासी 30 वर्षीय किसान तिलक राजपूत पुत्र प्रागीलाल ने सोमवार सुबह खेत पर बने मकान में कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के बड़े भाई राजेश राजपूत ने बताया कि तिलक पिता की करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर उड़द और सब्जियों की खेती करता था। लगातार बारिश से फसल खराब होने के कारण वह परेशान था। सोमवार सुबह घर पर अकेले होने के दौरान उसने कीटनाशक पी लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।




