उत्तर प्रदेश

पति ने चाकू से पत्नी के पेट पर किया जानलेवा हमला, महिला गंभीर हालत में झांसी रेफर

 

 

गुरसराय (झांसी)। नगर के खटकयाना मोहल्ले में रविवार को घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार महिला के पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।

 

जानकारी के अनुसार खटकयाना मोहल्ला निवासी पूनम (35) पत्नी राधेश्याम खटीक पर उनके पति ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में पूनम के पेट में गंभीर चोट आई। महिला की हालत बिगड़ने पर मौके पर पहुंचे उनके पुत्र राज ने बिना देर किए निजी वाहन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय पहुंचाया।

 

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. रवि अनुरागी ने घायल महिला का प्राथमिक उपचार किया। पेट में गंभीर चोट और हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।

 

घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष गुरसराय अखिलेश द्विवेदी और कस्बा इंचार्ज योगेंद्र शर्मा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर मोहल्ले में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!