उत्तर प्रदेश
चार लाख की अवैध आतिशबाजी बरामद, दो गिरफ्तार
ललितपुर। कोतवाली पुलिस ने अवैध आतिशबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लक्ष्मीपुरा और कोहिनूर गार्डन के पास से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब चार लाख रुपये कीमत के पटाखे और आतिशबाजी सामग्री बरामद हुई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान लक्ष्मीपुरा निवासी विवेक साहू (23) और गांधीनगर निवासी अखिलेश नामदेव (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से रॉकेट, अनार, चकरी, फुलझड़ी, लड़ी, बुलेट बम, माचिस बम समेत विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए। दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।




