मड़ावरा में बच्चे को सांप ने काटाः खेत में खेलते समय हुई घटना, ललितपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
ललितपुर के मड़ावरा क्षेत्र के ग्राम दांगली में शुक्रवार को एक 10 वर्षीय बच्चे को सांप ने काट लिया। बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मड़ावरा में भर्ती कराया गया, जहां से उसे ललितपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम दांगली निवासी भूपेन्द्र (10) अपने पिता के साथ खेत पर गया था। उसके पिता फसल काट रहे थे और भूपेंद्र वहीं खेल रहा था। इसी दौरान एक सांप ने उसे काट लिया, जिससे वह चिल्ला उठा। पिता ने देखा कि एक सांप काटने के बाद वहां से जा रहा था और खेत में घुस गया।
कुछ समय बाद भूपेंद्र की तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में बच्चे को मड़ावरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद भी बच्चे की हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे आगे के इलाज के लिए ललितपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।




