जनपद पुलिस का प्रदेश में डंका, आईजीआरएस निस्तारण में 15 थाने बने नंबर-1
ललितपुर। जनशिकायतों के निस्तारण में जनपद पुलिस ने प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली आईजीआरएस के तहत अप्रैल-2026 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में जिले के 15 थानों को शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर प्रथम स्थान मिला है।
पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, आईजीआरएस पोर्टल, समाधान दिवस, ऑनलाइन शिकायतों और उच्चाधिकारियों से प्राप्त मामलों का समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया गया। इसी का परिणाम है कि जिले के 15 थानों ने प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया।
प्रदेश रैंकिंग में कोतवाली ललितपुर, थाना जखौरा, थाना जाखलौन, थाना मदनपुर, थाना नाराहट, थाना बानपुर, थाना बार, थाना पाली, थाना महरौनी, थाना तालबेहट, थाना सौजना, थाना मड़ावरा, महिला थाना सदर, थाना बालाबेहट और थाना पूराकला को प्रथम रैंक मिली है।
एसपी मो. मुश्ताक ने इस उपलब्धि पर आईजीआरएस सेल से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।




