ललितपुर से मुंबई जाने वाली ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग
डीआरएम झांसी को सौंपा जाएगा ज्ञापन।
दैनिक यात्रियों, छात्रों और श्रमिकों ने उठाई आवाज, मेमो ट्रेन के समय परिवर्तन की भी मांग।
ललितपुर। जिले के रेल यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और श्रमिकों ने क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल समस्याओं को लेकर बड़ा कदम उठाया है। जनसमर्थकों ने उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को संबोधित ज्ञापन तैयार कर ललितपुर रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव और मेमो ट्रेन के समय में बदलाव की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि ललितपुर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, प्राइवेट कर्मचारी, व्यापारी और श्रमिक वर्ग क लोग झांसी सहित अन्य शहरों के लिए अप-डाउन करते हैं। इसके अलावा मुंबई और महाराष्ट्र के औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार और व्यापार के लिए जाने वाले यात्रियों की संख्या भी काफी अधिक है, लेकिन ललितपुर स्टेशन पर ट्रेन संख्या 15066 पनवेल एक्सप्रेस, 11079 मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस और 12173 उद्योग नगरी एक्सप्रेस का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि इन ट्रेनों के ठहराव के अभाव में उन्हें दूसरे स्टेशनों तक जाना पड़ता है, जिससे समय, धन और श्रम तीनों की हानि होती है। हाल के दिनों में कई ट्रेनों के निरस्त होने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है, जिसके चलते श्रमिक वर्ग को मजबूरी में बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि ट्रेन संख्या 64609/64509 खजुराहो- झांसी मेमो के समय में परिवर्तन किया जाए। वर्तमान में यह ट्रेन ललितपुर से सुबह 7.20 बजे रवाना होकर झांसी 10.45 बजे पहुंचती है, जो दैनिक यात्रियों के लिए सुविधाजनक नहीं है। यात्रियों ने मांग की है कि ट्रेन का झांसी पहुंचने का समय बदलकर सुबह 10 बजे किया जाए, ताकि नौकरीपेशा और छात्र वर्ग को राहत मिल सके। ज्ञापन की प्रतिलिपि स्थानीय सांसद, राज्य मंत्री, विधायक तथा जिलाध्यक्ष को भी भेजी जा रही है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान विमल कुमार, चंद्रभूषण राठौर, सुमित अग्रवाल, संजीव कुमारसेन, डीके चतुर्वेदी, अनूप दीक्षत, मु.हारून, सतीश कुमार, पंकज झा, राजवेन्द्र साहू, उर्मिला साहू, योगेश, सजल साहू, संदीप, सुरेश कुमार, बृजेश कुमार, अनुराग पाराशर, नवीन सोनी, प्रदीप, हरीशंकर साहू, चंद्रशेखर, रोहित, पुष्पेन्द्र सिंह, अमित कुमार, राजेन्द्र यादव, राजकुमार, राजेन्द्र, धर्मेंद्र सिंह, समकित जैन, अरिहन्त जैन, विजय पाल, विपिन यादव के अलावा अनेकों लोग मौजूद रहे।




