आज से चलेगा भूमि पैमाइश अभियान, जिलाधिकारी करेंगे रोजाना समीक्षा
सत्य प्रकाश ने राजस्व वसूली, लंबित वादों के निस्तारण और प्रवर्तन कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
ललितपुर। जिले में भूमि संबंधी मामलों के त्वरित निस्तारण और राजस्व कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से शनिवार से विशेष भूमि पैमाइश अभियान शुरू किया जाएगा। इसकी जानकारी शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कर-करेत्तर एवं राजस्व प्राप्तियों की समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने की। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों और राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि लेखपालों के माध्यम से कल से ही जनपदभर में भूमि पैमाइश अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने ने विगत पांच वर्षों से लंबित राजस्व वादों की समीक्षा करते हुए सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण कराया जाए। साथ ही धारा 34 के अंतर्गत एक वर्ष से अधिक समय से लंबित वादों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अगली बैठक में यदि ऐसे प्रकरण लंबित पाए गए तो संबंधित तहसीलदारों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। भू-राजस्व वसूली की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने तहसीलदारों को व्यक्तिगत रुचि लेकर वसूली कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगली समीक्षा बैठक में तहसीलवार भू-राजस्व रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। नगर विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को स्वकर वसूली में तेजी लाने और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों, उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की स्वगणना प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने तथा क्षेत्र में जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर द्वारा स्वगणना से संबंधित व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




