महरौनी के मृतक परिजनों से मिले पूर्व सांसद एवं कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी
महरौनी। जालौन के कालपी क्षेत्र में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में महरौनी के नौ लोगों की दर्दनाक मृत्यु के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे की सूचना मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक एवं स्थानीय लोग लगातार पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व सांसद एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी शनिवार को महरौनी पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
बृजलाल खाबरी ने शोकाकुल परिवारों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा सुनी और घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कालपी में हुई यह सड़क दुर्घटना अत्यंत दर्दनाक और हृदय विदारक है, जिसमें महरौनी क्षेत्र के नौ लोगों की असमय मौत ने पूरे बुंदेलखंड को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि एक साथ इतने लोगों का निधन होना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। आपको बता दें घटना के दिन पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी ने जालौन घटना के स्थान पर पहुंच कर मौके पर घायलों की मदद की व इलाज सहित पोस्टमार्टम आदि में महरौनी निवासी युवकों के काम आए।
इस मौके पर पूर्व सांसद ने कहा,
“यह हादसा बेहद दुखद है। जिन परिवारों ने अपने बेटे, भाई और परिजनों को खोया है, उनके दुःख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। कांग्रेस पार्टी और हम सभी इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दे तथा परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।”
उन्होंने मृतक परिवारों को आर्थिक सहायता एवं प्रशासन द्वारा हर संभव मदद उपलब्ध कराने की मांग भी की। साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता बताई, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
बृजलाल खाबरी एवं सुधांशु त्रिपाठी पूर्व राष्ट्रीय सचिव के साथ कुलदीप यादव जिला उपाध्यक्ष झांसी,वरिष्ठ कांग्रेस नेता आशाराम तिवारी,प्रेम नामदेव, नवनीत किलेदार, सतेंद्र नामदेव, बहादुर अहिरवार, स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग भी मौजूद रहे। सभी ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा। महरौनी क्षेत्र में इस हादसे के बाद अब भी गम और मातम का माहौल बना हुआ है।




