शनि अमावस्या पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने की शनि महाराज की पूजा अर्चना
ललितपुर। मोहल्ला तालाबपुरा स्थित शनि धाम मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में शनि अमावस्या के पावन अवसर पर शनिधाम मंदिर में भगवान शनिदेव महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं हवन पूजन का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और भक्तों ने श्रद्धा भाव से पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर के पुजारी मगन लाल कुशवाहा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजन कराया गया। हवन पूजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आहुति दी। आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु जयकारों के साथ शनिदेव महाराज की आराधना में लीन दिखाई दिए।
समिति के अध्यक्ष अखिलेश कुमार शर्मा एवं महामंत्री जय प्रकाश कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। आयोजन में संदीप रैकवार, वृषभान कुशवाहा, राजेश कुशवाहा, रमेश कुशवाहा एवं पवन कुमार का विशेष सहयोग रहा। आयोजन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें करीब पांच हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले बीस वर्षों से यह भंडारा अनवरत रूप से आयोजित किया जा रहा है। वहीं गोलू टेंट वालों द्वारा निशुल्क टेंट सेवा उपलब्ध कराकर सराहनीय योगदान दिया जाता है।




