चलती ट्रेन में सो रही महिला चिकित्सक का लैपटॉप बैग चोरी
दक्षिण एक्सप्रेस के बी-3 कोच में वारदात
करीब 80 हजार रुपये कीमत का डेल लैपटॉप था बैग में
ललितपुर। दक्षिण एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला डॉक्टर का लैपटॉप बैग अज्ञात चोर ने पार कर दिया। घटना उस समय हुई जब महिला डॉक्टर ट्रेन के बी-3 कोच में अपनी बर्थ पर सो रही थीं। ललितपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने से कुछ मिनट पहले नींद खुलने पर सीट से लैपटॉप बैग गायब मिला। बैग में करीब 80 हजार रुपये कीमत का डेल कंपनी का लैपटॉप रखा था। पीडि़त के पिता की तहरीर पर जीआरपी थाना ललितपुर ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भोपाल निवासी विनोद कुमार पांडे ने जीआरपी को दी तहरीर में बताया कि उनकी 33 वर्षीय बेटी डा.दीक्षा पांडे एक जुलाई 2026 को ट्रेन संख्या 12722 दक्षिण एक्सप्रेस से मथुरा से भोपाल की यात्रा कर रही थीं। वह ट्रेन के बी-3 कोच की बर्थ संख्या 36 पर सवार थीं। यात्रा के दौरान डा.दीक्षा ने अपना लैपटॉप बैग सीट पर रखा और सो गईं। आरोप है कि इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर सीट पर रखा लैपटॉप बैग चोरी कर लिया। ललितपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने से करीब पांच मिनट पहले डा.दीक्षा की नींद खुली तो सीट पर रखा काले रंग का डेल कंपनी का लैपटॉप बैग गायब था। उन्होंने कोच में आसपास काफी तलाश की, लेकिन बैग का कोई पता नहीं चला। बैग में करीब 80,000 रुपये कीमत का लैपटॉप होने की बात बताई गई है। बताया गया कि डा.दीक्षा भोपाल स्थित पीपुल्स यूनिवर्सिटी में आयोजित एक सेमिनार में शामिल होने के लिए यात्रा कर रही थीं। सेमिनार में जाने के कारण वह स्वयं जीआरपी थाने नहीं पहुंच सकीं। इसके बाद उनके पिता विनोद कुमार पांडे ने जीआरपी थाना ललितपुर पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दी। तहरीर के आधार पर जीआरपी थाना में बीएनएस की धारा 305(सी) के तहत अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।




