छत पर बनी रसोई में लगी आग, धुआं उठता देख मचा हड़कंप; फायर सर्विस ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
पराशर कॉलोनी में आग से मची अफरा-तफरी, बचाने दौड़े युवक के हाथ-पैर झुलसे; 40 से 50 हजार का सामान जलकर राख
काली माता मंदिर के पास मकान की छत पर लगी आग से मचा हड़कंप, समय रहते बुझी आग से टला बड़ा हादसा
ललितपुर। नगर पालिका क्षेत्र के सत्र कोतवाली अंतर्गत नेहरू नगर चौकी क्षेत्र के वार्ड नंबर-8 स्थित पराशर कॉलोनी में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब काली माता मंदिर के सामने एक मकान की छत पर बनी तीन शेड वाली रसोई में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते रसोई से धुआं उठने लगा, जिसे देखकर मोहल्लेवासियों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि राम प्रकाश पुत्र कल्पेंद्र सेन, मूल निवासी उत्तम थाना विकासखंड बिरधा एवं वर्तमान निवासी वार्ड नंबर-8 पराशर कॉलोनी, काली माता मंदिर के पास के मकान की छत पर रसोई बनी हुई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
छत से धुआं उठता देख मोहल्लेवासियों ने शोर मचाया और तत्काल फायर सर्विस तथा डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का मोर्चा संभाल लिया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया गया।
आग लगने के दौरान घर की महिलाएं नीचे मौजूद थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य मेहनत-मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। आग की जानकारी मिलते ही युवक ऊपर पहुंचा और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करने लगा। इस दौरान उसके हाथ-पैर मामूली रूप से झुलस गए तथा सिर के बाल भी झुलस गए। हालांकि किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।
परिवार के अनुसार आग की चपेट में आने से रसोई में रखा करीब 40 से 50 हजार रुपये कीमत का खाने-पीने का सामान एवं अन्य घरेलू सामग्री जलकर खाक हो गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। समय रहते फायर सर्विस के पहुंचने और स्थानीय लोगों की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया।




