उत्तर प्रदेश

अमृत भारत एक्सप्रेस में महिला यात्री का डेढ़ लाख का जेवरात और नगदी से भरा ट्रॉली बैग चोरी

 

बर्थ के नीचे रखा था बैग, नींद खुलने पर हुआ चोरी का पता

मंगलसूत्र, अंगूठी, नथ, कान के टप्स समेत 1.53 लाख रुपये का सामान गायब

ललितपुर। ट्रेनों में यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस में एक महिला यात्री का जेवरात और नगदी से भरा ट्रॉली बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। ट्रेन में सफर के दौरान महिला ने अपना ग्रे रंग का ट्रॉली बैग बर्थ के नीचे रखा था। नींद खुलने पर बैग गायब मिला। बैग में सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेत करीब 1.53 लाख रुपये का सामान बताया गया है। शिकायत पर जीआरपी ललितपुर ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जीआरपी थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, नेहा मौर्या पत्नी श्रवण कुमार मौर्या, निवासी ग्राम केन सिराथु, सैनी, कौशाम्बी, 28 जुलाई 2026 को अपने परिवार के साथ ट्रेन संख्या 22589 अमृत भारत एक्सप्रेस से फतेहपुर से रानी कमलापति (भोपाल) की यात्रा कर रही थीं। परिवार को ट्रेन के कोच एस 04 में बर्थ संख्या 80, 76 और 79 आवंटित थीं। यात्रा के दौरान नेहा ने अपना ग्रे रंग का ट्रॉली बैग बर्थ संख्या 80 के नीचे रख दिया और उसी बर्थ पर सो गईं। नेहा के मुताबिक ट्रेन जब ललितपुर रेलवे स्टेशन पहुंची तो उनकी आंख खुली। बाथरूम जाने के लिए जब उन्होंने बर्थ के नीचे रखी अपनी चप्पल निकालने के लिए देखा तो ट्रॉली बैग गायब था। काफी तलाश के बाद भी बैग का पता नहीं चला। बैग में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब होने से महिला के होश उड़ गए। नेहा ने पुलिस को बताया कि ट्रॉली बैग में बड़ा सोने का मंगलसूत्र (आठ दानों वाला बड़ा पेंडल) करीब 55 हजार रुपये, छोटा सोने का मंगलसूत्र करीब 20 हजार रुपये, सोने की अंगूठी करीब 30 हजार रुपये, सोने की नथ करीब 12 हजार रुपये, सोने के कान के टॉप्स का जोड़ा करीब 25 हजार रुपये, चांदी की बिछिया करीब 3 हजार रुपये, नगदी 8 हजार रुपये, ग्रे रंग का ट्रॉली बैग, जिसमें कपड़े रखे हुए थे। चोरी गए जेवरात और नगदी की कुल कीमत करीब 1,53,000 रुपये है। घटना के बाद महिला ने अपनी यात्रा पूरी करने के पश्चात जीआरपी थाना रानी कमलापति में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक शिकायत के बाद घटना का क्षेत्राधिकार ललितपुर रेलवे स्टेशन से संबंधित होने के कारण मामला जीआरपी अनुभाग झांसी के थाना जीआरपी ललितपुर को स्थानांतरित किया गया। जीआरपी ललितपुर ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(सी) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!