कोचिंग के लिए घर से निकली 19 वर्षीय युवती लापता
रेलवे स्टेशन के आसपास देखे जाने की सूचना, मोबाइल भी बंद
ललितपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र से कोचिंग पढऩे के लिए घर से निकली 19 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के देर शाम तक घर वापस नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोचिंग संचालक से जानकारी लेने पर युवती के कोचिंग पहुंचने और छुट्टी के बाद वहां से निकलने की पुष्टि हुई। इसके बाद परिजनों ने विभिन्न स्थानों पर तलाश की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं लगा। पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 87 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी करीब 19 वर्षीय पुत्री 8 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3.30 बजे घर से कोचिंग जाने की बात कहकर निकली थी। कोचिंग की छुट्टी शाम करीब 6 बजे हो जाती है। निर्धारित समय के बाद भी जब पुत्री घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। परिजनों ने कोचिंग संचालक से संपर्क कर उसके संबंध में जानकारी ली। वहां से बताया गया कि युवती कोचिंग आई थी और छुट्टी होने के बाद घर के लिए निकल गई थी। इसके बाद परिजनों ने उसके संभावित ठिकानों और परिचितों के यहां जानकारी की। तलाश के दौरान परिजनों को सूचना मिली कि युवती को रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया था। हालांकि इसके बाद वह कहां गई, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। परिजनों क मुताबिक युवती के पास मौजूद मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन रात करीब 12 बजे के बाद मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा। परिजनों ने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन युवती का पता नहीं चल सका। इसके बाद पिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई और बेटी की तलाश कराने की गुहार लगाई। परिजनों द्वारा पुलिस को बताए गए हुलिए के अनुसार युवती की उम्र करीब 19 वर्ष, कद लगभग पांच फीट, शरीर मध्यम और रंग गोरा है। घटना के समय उसने गुलाबी रंग का टॉप, नीले रंग की जींस और पैरों में जूते पहन रखे थे। पिता की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 87 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।



