राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा निर्माण का मार्ग प्रशस्त
ललितपुर। राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा निर्माण को लेकर लंबे समय से चल रही प्रक्रिया में अब सकारात्मक पहल हुई है। शासन स्तर से स्वीकृति न मिलने के कारण रुका प्रतिमा निर्माण कार्य अब आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है। जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद नगर पालिका परिषद ने शासन से स्वीकृति प्राप्त करने के लिए पत्र भेज दिया है। इस कार्रवाई से जिला राठौर समाज में हर्ष का माहौल है। इस संबंध में जिला राठौर समाज की अति आवश्यक बैठक जेल चौराहा स्थित समाज के कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा निर्माण कार्य शासन की स्वीकृति के अभाव में रोके जाने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई। समाज के पदाधिकारियों ने मामले को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी मांग एवं समस्या से अवगत कराया। राठौर समाज के पदाधिकारियों के अनुसार, जिलाधिकारी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका परिषद को शासन से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त करने के लिए पत्र भेजने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष एवं अधिशाषी अधिकारी द्वारा शासन को स्वीकृति के संबंध में पत्र प्रेषित किया गया। इसकी एक प्रति राठौर समाज के पदाधिकारियों को भी उपलब्ध कराई गई। शासकीय स्तर पर कार्रवाई शुरू होने के बाद समाज को उम्मीद है कि राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा निर्माण का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ हो सकेगा। प्रतिमा निर्माण की दिशा में हुई इस पहल पर समाज के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष एवं अधिशाषी अधिकारी के प्रति आभार जताया। बैठक में जिला राठौर समाज के जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर राठौर, महामंत्री नीलेश्वर राठौर ‘नीलू’, कोषाध्यक्ष अरविन्द राठौर ‘बैटरी’, जिला प्रभारी विनोद कुमार राठौर ‘मुनीम’, पूर्व पार्षद रविशंकर राठौर, सन्तोष राठौर ‘जड़ी बूटी’ एवं जिला ऑडिटर रघुवीर राठौर सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला प्रभारी विनोद कुमार राठौर ‘मुनीम’ ने किया।




