ललितपुर पहुंचे प्रशिक्षु पीसीएस अधिकारियों का दल
कलेक्ट्रेट सभागार में जिले की भौगोलिक, पर्यटन व प्रशासनिक गतिविधियों का दिया गया प्रेजेंटेशन
एडीएम दिनेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुआ ब्रीफिंग सत्र
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने दी महत्वपूर्ण जानकारियां
ललितपुर। जनपद भ्रमण पर मंगलवार को पहुंचे प्रशिक्षु पीसीएस अधिकारियों के दल के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष बैठक एवं ब्रीफिंग सत्र का आयोजन किया गया। अध्यक्षता एडीएम (वित्त एवं राजस्व) दिनेश कुमार ने की। बैठक के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को ललितपुर की भौगोलिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, पर्यटन, राजस्व, कृषि, सिंचाई और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुतियों के माध्यम से दी गई। कार्यक्रम के प्रारंभ में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) एवं कोषाधिकारी ने दलनायक नितिन कुमार सहित सभी प्रशिक्षु पीसीएस अधिकारियों का बुके भेंटकर स्वागत किया। बैठक में एडीएम दिनेश कुमार ने प्रशिक्षु अधिकारियों को जिले की भौगोलिक स्थिति, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं सांस्कृतिक विशेषताओं से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। इसके बाद उपजिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र विक्रम ने जिले के प्रशासनिक मामलों, राजस्व संबंधी प्रकरणों, कृषि व्यवस्था और स्थानीय औषधीय वातावरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता भूपेश सुहेरा ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनपद में उपलब्ध जल संसाधनों तथा प्रमुख बांधों की स्थिति के बारे में प्रशिक्षु अधिकारियों को जानकारी दी। पर्यटन अधिकारी हेमलता ने ललितपुर को पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध जनपद बताते हुए यहां स्थित पुरातात्विक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के स्थलों का सचित्र प्रस्तुतीकरण किया। वहीं, जीएसटी कमिश्नर हीरालाल ने जीएसटी विभाग के कार्यों एवं संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी। कोषाधिकारी राहुल यादव ने जिले की ट्रेजरी प्रणाली, वित्तीय संचालन और प्रशासनिक गतिविधियों के संबंध में प्रशिक्षु अधिकारियों को अवगत कराया। बैठक के उपरांत प्रशिक्षु पीसीएस अधिकारियों के दल ने जिलाधिकारी सत्य प्रकाश से मुलाकात की और जनपद भ्रमण की रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी जखौरा सौरभ वर्णवाल सहित प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।




