पेड़ से टकराई अनियंत्रित बाइक, अधेड़ की मौत
नाराहट से जतारा लौटते समय पचोंडा के पास हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम
महरौनी, ललितपुर।
थाना महरौनी क्षेत्र के ग्राम पचौड़ा के पास गुरुवार दोपहर करीब 1:15 बजे एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार 65 वर्षीय धनीराम पुत्र हरदास सोनी, निवासी जतारा (मध्य प्रदेश), गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार धनीराम अपनी पुत्री पिंकी के यहां ग्राम नाराहट से बाइक द्वारा वापस जतारा लौट रहे थे। पचोंडा के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महरौनी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।




