उत्तर प्रदेश

अब घर बैठे पुलिस तक पहुंचा सकेंगे शिकायत 24 घंटे सक्रिय रहेगा 7839862920 नंबर

अब घर बैठे पुलिस तक पहुंचा सकेंगे शिकायत
एसपी ने जारी किया त्वरित समाधान मोबाइल नंबर
24 घंटे सक्रिय रहेगा 7839862920 नंबर
जनपद के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अपनी समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण के लिए अब पुलिस कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आमजन की सुविधा और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने त्वरित समाधान मोबाइल सेवा शुरू की है। इसके लिए मोबाइल नंबर 7839862920 जारी किया गया है। इस नंबर पर लोग फोन करके मौखिक रूप से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे, जबकि व्हाट्सऐप के माध्यम से लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र भी भेज सकेंगे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के उन लोगों को राहत पहुंचाना है, जिन्हें अपनी समस्याएं लेकर जिला मुख्यालय तक आना पड़ता है। अब ऐसे लोग घर बैठे ही पुलिस तक अपनी शिकायत पहुंचा सकेंगे। प्राप्त शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर उनकी शीघ्र जांच कराई जाएगी तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। त्वरित समाधान मोबाइल नंबर पर प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत पर संबंधित अधिकारियों द्वारा संज्ञान लिया जाएगा। शिकायत की जांच और उसके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद की गई कार्रवाई के संबंध में शिकायतकर्ता को दूरभाष के माध्यम से जानकारी भी दी जाएगी, जिससे उसे अपनी शिकायत की स्थिति पता चल सके। पुलिस विभाग के अनुसार त्वरित समाधान मोबाइल नंबर 7839862920 प्रतिदिन 24 घंटे संचालित रहेगा। इस प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार को बनाया गया है, जबकि उपनिरीक्षक राजकिशोर मिश्रा को प्रभारी नियुक्त किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!