ललितपुर में पति पर दूसरी शादी रचाने का आरोप: पहली पत्नी को इंस्टाग्राम से चला पता

ललितपुर में एक महिला ने अपने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। पहली पत्नी ने मायके पक्ष के लोगों के साथ मिलकर मामले की पुलिस में शिकायत की। उसे पति द्वारा दूसरी शादी रचाने की जानकारी इंस्टाग्राम पर डली एक रील से पता चला।
मड़ावरा थाना क्षेत्र के ग्राम गढोली कलां हाल निवासी स्वाति ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बीते 04 मई 2023 को उसकी हिंदू रीति रिवाज के अनुसार बानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टीकरा निवासी सौरभ के साथ शादी हुई थी। आरोप है कि शादी में दहेज भी लिया गया था। लेकिन, ससुराल वाले उससे संतुष्ट नहीं थे और दहेज की मांग कर रहे थे। इसके अलावा आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर सौरभ की दूसरी शादी करने की धमकी दे रहे थे। साथ ही प्रताड़ित कर रहे थे।
आरोप है कि बीते 12 नवम्बर को उसके साथ मारपीट की और उसके जेवरात छीन लिए। इसके बाद 13 नवम्बर को उसका पति उसे मायके छोड़ गया और खुद इंदौर मजदूरी की बात कहता हुआ चला गया। इसके बाद उसके पति सौरभ ने दूसरी शादी कर ली। स्वाति ने बताया कि उसके पति ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शादी की फोटो वीडियो शेयर की। जिसके बाद उसे दूसरी शादी होने की जानकारी लगी।
स्वाति ने अपने माता – पिता के साथ मड़ावरा थाने पहुंचकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि, महिला का ससुराल पक्ष बानपुर थाना क्षेत्र का है। जहां पुलिस जांच प्रचलित है। आरोपी परिवार वर्तमान में मध्य प्रदेश के इंदौर में निवासरत है। जिन्हें बुलाया गया है। इसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



