पिता की मौत के बाद हड़पी मुआवजे की रकम
लाखों रुपये दूसरे खाते में हुए ट्रांसफर, 48 लाख का मिला था मुआवजा..
पीडि़त किशोरी ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर लगाई न्याय की गुहार
ललितपुर। पिता की मौत के मुआवजे पर बड़ा मामला सामने आया है। थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम गोरा की नाबालिग बेटी आरूषी राजपूत ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। आरूषी का आरोप है कि उसके पिता वकील कुमार राजपूत की कंपनी में हादसे में मौत के बाद रिश्तेदारों ने मिलकर मुआवजे की रकम हड़प ली। पीडि़ता के अनुसार 30 मार्च को मध्यप्रदेश की बालाजी कंस्ट्रक्शन कंपनी में उसके पिता की मौत हुई थी। आरोप है कि परिवार को सूचना दिए बिना उसके रिश्तेदारों ने खुद को वारिस बताकर कंपनी से रकम ले ली। आरूषी का कहना है कि कंपनी ने 16 लाख रुपये आरटीजीएस से धर्मेन्द्र के खाते में भेजे थे। साथ ही शव गांव लाने के लिए 50 हजार रुपये नकद भी दिए गए थे। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि गांव की पंचायत में केवल 10 लाख मिलने की बात बताई गई और मां-बेटी को एक रुपया तक नहीं दिया गया। जब आरूषी अपनी मां के साथ कंपनी पहुंची तो उसे पूरे खेल का सच पता चला।




