फांसी पर लटका मिला युवक का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
जखौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पुनिया खेड़ा सिरसी में शनिवार देर शाम एक युवक का शव घर के बाड़े में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पुनिया खेड़ा सिरसी निवासी विजय पुत्र स्वर्गीय राम सेवक ने थाना जखौरा पहुंचकर सूचना दी कि उसके छोटे भाई अर्जुन राजपूत उम्र करीब 21 वर्ष ने अपने ही बाड़े में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं फॉरेंसिक टीम और उप निरीक्षक मूलचंद्र ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए।
बताया जा रहा है कि परिवार के लोग जब बाड़े की ओर पहुंचे तो अर्जुन का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों द्वारा तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी ललितपुर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है




