फेसबुक पर दोस्ती के बाद महिला को परेशान करने का आरोप
सिपाही बताकर पुलिस की धमकी देने और अश्लील कमेंट करने की शिकायत
साइबर थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज
ललितपुर। साइबर क्राइम पुलिस थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए एक नवविवाहिता को कथित तौर पर परेशान करने और अश्लील टिप्पणियां करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता ने फेसबुक पर परिचित हुए एक व्यक्ति पर शादी के बाद लगातार अनुचित बातचीत और मिलने का दबाव बनाने, विरोध करने पर पुलिस विभाग में होने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस थाना ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के विजयपुरा गांव निवासी 25 वर्षीय महिला ने साइबर थाने में दी तहरीर में बताया कि करीब छह माह पहले फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान वीरेंद्र यादव नामक व्यक्ति से हुई थी। पीडि़ता के अनुसार, उक्त व्यक्ति ने स्वयं को पुलिस विभाग में सिपाही बताया था। बताया कि 20 जून 2026 को उसकी शादी हो गई। आरोप है कि शादी के बाद वीरेंद्र यादव उसकी फेसबुक आईडी पर अश्लील और अमर्यादित टिप्पणियां करने लगा। महिला का आरोप है कि आरोपी उस पर जबरन बातचीत करने और मिलने का दबाव बना रहा था तथा उसकी शादी को लेकर भी आपत्तिजनक बातें करता था। जब उसने आरोपी की हरकतों का विरोध किया तो वह कथित तौर पर खुद के पुलिस विभाग में होने की बात कहकर उसे धमकाने लगा। इससे महिला मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसने साइबर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस थाना ने आरोपी वीरेंद्र यादव के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम, 2008 की धारा 66सी और 67 तथा बीएनएस की धारा 78 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस द्वारा आरोपी के मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया अकाउंट और फेसबुक प्रोफाइल से संबंधित तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। साइबर पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




