वीर दुर्गादास राठौर की 388वीं जयंती पर होगा भव्य आयोजन, प्रतिमा निर्माण शुरू
13 अगस्त को रिमझिम मैरिज गार्डन में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, रक्तदान शिविर और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित
ललितपुर। जिला राठौर क्षत्रिय समाज, ललितपुर के तत्वावधान में वीर दुर्गादास राठौर की 388वीं जन्म जयंती 13 अगस्त 2026, गुरुवार को सिविल लाइन स्थित रिमझिम मैरिज गार्डन में धूमधाम से मनाई जाएगी। जयंती समारोह को लेकर समाज के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हैं। कार्यक्रम में समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ ही रक्तदान शिविर, सांस्कृतिक कार्यक्रम और समाजसेवियों के सम्मान का आयोजन किया जाएगा। जिला मीडिया प्रभारी शिब्बू राठौर (पत्रकार) ने बताया कि जयंती समारोह में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा सामाजिक सहभागिता के उद्देश्य से विशाल रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। समाजहित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विशिष्ट समाजसेवियों को भी सम्मानित किया जाएगा। वीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा स्थापना को लेकर भी समाज में उत्साह का माहौल है। नगर पालिका परिषद ललितपुर की अध्यक्ष सोनाली विवेक जैन और अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा के प्रयासों से पुराने मोटर स्टैंड के पास प्रतिमा स्थापना के लिए निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। समाज के पदाधिकारियों के अनुसार इस कार्य में पार्षद आलोक जैन (मयूर), जितेंद्र राठौर (जीतू) तथा जिला मीडिया प्रभारी शिब्बू राठौर सहित राठौर समाज के लोगों का सहयोग मिल रहा है। प्रतिमा निर्माण कार्य शुरू होने पर समाज के लोगों ने प्रसन्नता जताते हुए नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया है। जन्म जयंती समारोह में सदर विधायक राम रतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली विवेक जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिश्चन्द्र रावत, भाजपा नगर अध्यक्ष भगत सिंह राठौर तथा रामलीला हनुमान जयंती महोत्सव समिति के अध्यक्ष बृजेश चौबे की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब अध्यक्ष राजीव बबेले (सप्पू) करेंगे। जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए राठौर समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर राठौर, महामंत्री नीलेश्वर राठौर (नीलू), कोषाध्यक्ष अरविन्द राठौर (बैट्री) तथा जिला प्रभारी समिति के विनोद राठौर (मुनीम), रविशंकर राठौर (पूर्व पार्षद), संतोष राठौर (जड़ी बूटी) और राजकुमार राठौर (धनतौली) सहित समाज के अन्य लोग कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं। समाज के पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक संख्या में समाज के लोगों से जयंती समारोह में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।




