मूर्ति निर्माण कार्य रोके जाने पर राठौर क्षत्रिय समाज में रोष
नपाध्यक्ष से मिला प्रतिनिधिमंडल
रक्षाबंधन पर मदार टेरेसा होम में बच्चों के साथ पर्व मनाने का निर्णय
ललितपुर। जिला राठौर क्षत्रिय समाज की मंत्री मंडल की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को जिला समाज कार्यालय अम्बेडकर पार्क के सामने आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर राठौर ने की। बैठक में समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। संचालन विनोद राठौर (मुनीम) ने किया। बैठक में मूर्ति निर्माण कार्य रोके जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। विनोद राठौर ने बताया कि मूर्ति निर्माण कार्य के ठेकेदार द्वारा समाज को जानकारी दी गई है कि नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर निर्माण कार्य रोक दिया गया है। इस मामले को लेकर जिला राठौर समाज का प्रतिनिधिमंडल नपाध्यक्ष सोनाली जैन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने निर्माण कार्य रोके जाने का कारण जानना चाहा। प्रतिनिधिमंडल को संबंधित अधिकारी एवं बाबू से जानकारी लेने के बाद बताया गया कि मूर्ति निर्माण के संबंध में शासन की स्वीकृति नहीं है। चेयरमैन की ओर से बताया गया कि किसी भी निर्माण कार्य का टेंडर जारी करने से पूर्व शासन से आवश्यक स्वीकृति लेना नगर पालिका के संबंधित अधिकारी का दायित्व है। हालांकि, प्रतिनिधिमंडल को यह आश्वासन भी दिया गया कि चूंकि मूर्ति निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है, इसलिए मूर्ति की स्थापना कराई जाएगी। इसके बावजूद बैठक में समाज पदाधिकारियों ने निर्माण कार्य रोके जाने पर रोष व्यक्त किया। बैठक में आगामी रक्षाबंधन पर्व को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला समाज का मंत्री मंडल मदार टेरेसा होम, पनारी में असहाय एवं बेसहारा बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाएगा। समाज पदाधिकारियों ने कहा कि पर्व के माध्यम से बच्चों के साथ खुशियां साझा करना समाज सेवा की दिशा में सकारात्मक पहल होगी। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व पार्षद रविशंकर राठौर ने कहा कि समाज का प्रत्येक राठौर बंधु समाज सेवा से जुड़ सकता है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति स्वयं को समाज सेवा से वंचित महसूस करता है, उसके लिए समाज के द्वार हमेशा खुले हैं। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक गतिविधियों से जोडऩे पर जोर दिया। बैठक में समाज के संगठन विस्तार सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में अध्यक्ष चन्द्रशेखर राठौर, जिला प्रभारी समिति विनोद राठौर (मुनीम), कोषाध्यक्ष अरविन्द राठौर बैटरी, उपाध्यक्ष इंजी. सुन्दरसिंह राठौर, रतन लाल राठौर (डोंगरा), जिला मंत्री विनय कुमार राठौर, जिला मीडिया प्रभारी शिब्बू राठौर, सदस्य रविशंकर राठौर (पूर्व पार्षद), राजकुमार राठौर (धंतौली), जितेन्द्र कुमार (जित्तू भैया पार्षद), जिला संगठन मंत्री अजय राठौर (बाड़ा), जिला प्रचार मंत्री इंजी. अरविन्द राठौर, जिला ऑडिटर रघुवीर राठौर (रामनगर), जिला प्रवक्ता सन्तोष राठौर (ट्रेविल्स) आदि मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष चंद्रशेखर राठौर ने की जबकि बैठक का संचालन विनोद राठौर (मुनीम) ने किया।




