उत्तर प्रदेश

चलती ट्रेनों में यात्रियों के सामान पर चोरों की नजर

 

मोबाइल और लैपटॉप समेत 88 हजार का सामान चोरी

छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में यात्री का मोबाइल तो पटना-इंदौर एक्सप्रेस से ट्रॉली बैग पार

जीआरपी ललितपुर में दो मुकदमे दर्ज

ललितपुर। चलती ट्रेनों में यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जीआरपी थाना ललितपुर क्षेत्र में अलग-अलग ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य सामान चोरी होने की दो घटनाएं सामने आई हैं। दोनों मामलों में पीडि़त यात्रियों की शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 305(सी) के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एक घटना में यात्री का करीब 38 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन, जबकि दूसरी घटना में लैपटॉप और अन्य सामान से भरा ट्रॉली बैग चोरी हुआ है। जीआरपी ने मामलों की जांच शुरू कर दी है। पहली घटना 30 अगस्त 2026 की बताई गई है। महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी प्रमोद गौतम पुत्र आत्माराम गौतम सहारनपुर से गोंदिया की यात्रा छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18238) के ए-1 कोच की सीट नंबर 12 पर कर रहे थे। यात्रा के दौरान ट्रेन जब ललितपुर के जखौरा रेलवे स्टेशन के पास पहुंचने वाली थी, उसी समय यात्री की आंख लग गई। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनकी सीट के पास रखा वीवो कंपनी का मोबाइल फोन चोरी कर लिया। चोरी हुए मोबाइल की कीमत करीब 38 हजार रुपये बताई गई है। मोबाइल में दो सिम कार्ड लगे हुए थे। घटना की जानकारी होने के बाद यात्री ने रेलवे हेल्पलाइन और संबंधित माध्यमों से शिकायत दर्ज कराई। दूसरी घटना 25 अगस्त 2026 को पटना-इंदौर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19322) में हुई। बिहार के जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र के मुडिया बिगा निवासी प्रशांत कुमार पुत्र विजय कुमार पटना से इंदौर की यात्रा कर रहे थे। वह ट्रेन के एस-4 कोच की बर्थ नंबर 27 पर सवार थे। जब ट्रेन जखौरा रेलवे स्टेशन से आगे निकल गई, तब अचानक हुई हलचल के कारण उनकी नींद खुली। इसके बाद उन्होंने देखा कि सीट नंबर 25 के नीचे रखा नीले रंग का ट्रॉली बैग गायब था। बैग में एचपी कंपनी का लैपटॉप, चार्जर, इस्तेमाल किए हुए कपड़े और दैनिक उपयोग का अन्य सामान रखा हुआ था। चोरी हुए ट्रॉली बैग में रखे सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये है। घटना के बाद यात्री ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। दोनों घटनाओं के संबंध में पीडि़त यात्रियों की शिकायतों के आधार पर जीआरपी में कार्रवाई की गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, संबंधित मामलों में शून्य पर अपराध कायम कर केस डायरी अग्रिम विवेचना के लिए जीआरपी थाना ललितपुर भेजी गई है। दोनों मामलों की विवेचना उपनिरीक्षक बाली सिंह द्वारा की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!