खेल-खेल में बच्चों ने दहेज से भरा ट्रैक्टर किया स्टार्ट, कुएं में जा गिरा ट्रैक्टर बाल-बाल बचे बच्चे
बच्चे सहित सूखे कुएं में गिरा दहेज से भरा ट्रैक्टरः बार थाना क्षेत्र के रमपुरा में हुआ हादसा, क्रेन से निकाला गया ट्रैक्टर, बच्चे को नहीं आयी खरोच बार थाना क्षेत्र के रमपुरा गांव में एक ट्रैक्टर सूखे कुएं में गिर गया। इस ट्रैक्टर में दहेज का सामान भरा था और उस पर पांच वर्षीय बच्चा शिवा भी बैठा था। बच्चा इस घटना में पूरी तरह सुरक्षित बच गया।
रमपुरा निवासी आशीष दुबे अपने भाई की शादी बार कस्बे में संपन्न कराकर लौटे थे। वे नए महिंद्रा ट्रैक्टर में दहेज का सामान भरकर लाए थे। थकान के कारण उन्होंने ट्रैक्टर को घर के बाहर खड़ा कर दिया था।
इसी बीच, 5 वर्षीय शिवा अपने दोस्त रूद्र और अंतिम के साथ ट्रैक्टर पर खेलने लगा। खेलते समय अचानक ट्रैक्टर स्टार्ट हो गया और अनियंत्रित होकर पास के सूखे कुएं की ओर बढ़ने लगा। रूद्र और अंतिम कूदकर भाग गए, लेकिन शिवा ट्रैक्टर पर ही बैठा रह गया और ट्रैक्टर कुएं में जा गिरा।
ट्रैक्टर गिरने की तेज आवाज सुनकर घरवाले और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कुएं से धूल का गुबार उठ रहा था और अंदर से बच्चे की रोने की आवाज सुनाई दे रही थी। ग्रामीणों ने तुरंत कुएं में उतरकर शिवम को सुरक्षित बाहर निकाला। बच्चे को कोई चोट नहीं आई।
बाद में, क्रेन की सहायता से ट्रैक्टर को भी कुएं से बाहर निकाला गया।
आशीष दुबे ने बताया कि दहेज का सामान क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन बच्चे का सुरक्षित बचना उनके लिए सबसे बड़ी राहत है।




