पांच दिन पहले घायल अवस्था में मिले युवक की मौत, परिजनों ने गांव के ही लोगों पर लगाया हत्या का आरोप, मुख्यालय आकर किया प्रदर्शन
ललितपुर। पांच दिन पहले घायल अवस्था में ग्राम करगन में मिले युवक की उपचार के दौरान शनिवार को ग्वालियर में उपचार के दौैरान मौत हो गई। वहीं युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज किये जाने की मांग को लेकर ललितपुर आकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। वहीं ग्वालियर से शव लेकर आ रही एम्बुलेंस को पुलिस ने हाईवे पर लखनपुरा के निकट रोक लिया है। बताते चलें कि कोतवाली सदर अंतर्गत ग्राम करगन में 21 अपै्रल की सुबह 6 बजे गांव के बाहर नाले में 28 वर्षीय रामअवतार पुत्र सर्वेश सिंह घायल व बेहोशी अवस्था में पड़ा मिला था। जिसके बाद परिजन उपचार के लिए मेडीकल कालेज ललितपुर लाए थे। हालत गंभीर होने पर मेडीकल कालेज झांसी रेफर कर दिया गया था। झांसी में हालत नाजुक देखते हुए उसे ग्वालियर भेज दिया था। ग्वालियर में शनिवार को उपचार के दौरान राम अवतार की मौत हो गई।




