ललितपुर: चिकित्सा अधीक्षक पर लगे पैसे लेकर ट्रांसफर रोकने के आरोप, कर्मचारी ने दी आत्महत्या की चेतावनी
ललितपुर के मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कर्मचारी ने चिकित्सा अधीक्षक पर पैसे मांगने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। परेशान कर्मचारी ने आत्महत्या तक की चेतावनी दे दी है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
सीएचसी मड़ावरा में तैनात आईसीटीसी लैब टेक्नीशियन पवन कुमार का आरोप है कि चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अविनाश कुमार ने नियमों के विरुद्ध उनका स्थानांतरण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर कर दिया। जबकि यह पद नियमानुसार सीएचसी स्तर पर ही तैनात रहता है।
कर्मचारी का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो अधीक्षक ने 20 हजार रुपये की मांग की और साफ कहा पैसा दे दो, ट्रांसफर रुक जाएगा। इतना ही नहीं, पीड़ित का यह भी दावा है कि इससे पहले भी उनसे 20 हजार रुपये लिए जा चुके हैं।




