तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से डीजे गाड़ी पलटी, ड्राइवर सहित दो घायल
जखौरा/ललितपुर:
थाना जखौरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिरोंन कला के पास शुक्रवार की रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने डीजे गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में डीजे वाहन चालक समेत एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। दोनों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीजे वाहन किसी कार्यक्रम से वापस लौट रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीजे गाड़ी संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे जाकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो चालक तेज गति में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। डीजे वाहन कल्याणपुरा गांव का बताया जा रहा है, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।



