बिग ब्रेकिंग: हर्षपुर नहर में बड़ा हादसा, तीन युवकों की दर्दनाक मौत
नहर में डूबने से तीन युवकों की मौत, एक गंभीर
दोस्त को बचाने में गई जान, गांवों में पसरा मातम
ललितपुर। तालबेहट कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हर्षपुर में गुरुवार को राजघाट नहर में नहाने गए युवकों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। नहर में डूब रहे एक युवक को बचाने के प्रयास में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी अनुसार कोतवाली तालबेहट के ग्राम हर्षपुर में गुरुवार सुबह गांव के बाहर निकली राजघाट नहर में पांच युवक नहाने पहुंचे थे। इनमें दो युवक मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के ग्राम प्राणपुरा से अपने रिश्तेदारों के यहां हर्षपुर आए हुए थे, जबकि अन्य युवक बस्त्रावन और हर्षपुर गांव के निवासी थे। नहाने के दौरान अचानक एक युवक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अन्य साथी भी नहर में कूद पड़े, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण चार युवक पानी में फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवकों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है। मृतकों की पहचान मिथुन (28) पुत्र नारायण, धर्मेंद्र (20) पुत्र कपूर निवासीगढ़ ग्राम प्राणपुरा, चंदेरी, अशोक नगर,मध्य प्रदेश और धीरज (22) पुत्र मनीराम निवासी ग्राम बस्त्रावन के रूप में हुई है। वहीं जगदीश (32) पुत्र सरमन निवासी ग्राम हर्षपुर गंभीर रूप से घायल है।
घटना की सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। तालबेहट के उपजिलाधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नहर में डूबने से तीन युवकों की मौत हुई है। पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। कोतवाली प्रभारी मनोज मिश्रा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।




