पत्नी के घर न लौटने से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान
ललितपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के रैदासपुरा मोहल्ले में 40 वर्षीय जितेन्द्र उर्फ जित्तू रजक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार करीब एक सप्ताह पूर्व पत्नी से विवाद के बाद वह बच्चों को लेकर घर छोड़कर चली गई थी। पत्नी की तलाश में जितेन्द्र मध्य प्रदेश के पृथ्वीपुर और बाद में दिल्ली तक गया, लेकिन पत्नी उसके साथ वापस नहीं लौटी।
शनिवार रात ललितपुर लौटने के बाद उसने परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। रविवार सुबह वह कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। परिजन उसे जिला मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने पत्नी और ससुराल पक्ष द्वारा अपमानित किए जाने से परेशान होकर आत्महत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




