पिपरा में क्लीनिक संचालक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम पिपरा में शनिवार शाम एक निजी क्लीनिक संचालक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपरा के ग्राम प्रधान बाबू लाल अहिरवार पुत्र हल्के अहिरवार ने थाना जखौरा पहुंचकर पुलिस को सूचना दी कि तारक दातो पुत्र प्रमोतो दातो, निवासी एसजीएम नगर, फरीदाबाद (हरियाणा), ग्राम पिपरा में बलवीर सिंह पुत्र रामदयाल यादव के मकान में किराए पर रहकर क्लीनिक संचालित कर रहे थे। बताया गया कि वह बीते 22 जून 2026 से गांव में रह रहे थे।
शनिवार 4 जुलाई को शाम लगभग 4 बजे उन्होंने कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अपनी पुलिस टीम तथा उपनिरीक्षक विनोद कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी, ललितपुर भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




