ललितपुर में हत्या के मामले में 5 अभियुक्त गिरफ्तार, पैसों के विवाद में पत्थर मारकर की थी हत्या
ललितपुर। कोतवाली ललितपुर पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे 5 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह व क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
रंगदारी का विरोध करने पर किया था हमला
घटना 10 अगस्त 2026 की है। पीड़ित पक्ष ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने रास्ते में उसकी बेटी और बहनोई अभय सिंह (30 वर्ष) को रोककर अवैध पैसों की मांग की। अभय द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की नियत से उसके सिर पर पत्थर से वार कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अभय को पहले जिला अस्पताल ललितपुर ले जाया गया, जहां से उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान झांसी में अभय की मृत्यु हो गई, जिसके बाद मामले में हत्या की धारा 103(1) BNS बढ़ाई गई।
5 टीमों ने मिलकर की गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में 05 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए 20 अगस्त 2026 को पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।




