अमझरा घाटी में दो ट्रकों की भिड़ंत, चेन्नई जा रहे ट्रक चालक की मौत
एनएच -44 पर गलत दिशा से आ रहे अज्ञात ट्रक की टक्कर का आरोप
अंतिम संस्कार के बाद पुत्र ने दर्ज कराया मुकदमा
ललितपुर। थाना नाराहट क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 स्थित अमझरा घाटी के पास सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। आरोप है कि गलत दिशा से तेज गति और लापरवाही से आ रहे अज्ञात ट्रक ने दूसरे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चेन्नई के लिए माल लेकर जा रहे ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के पुत्र की तहरीर पर नाराहट पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रतापगढ़ जिले के जेठवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छेदी का पुरवा निवासी आकाश कुमार पुत्र हरी लाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका ट्रक संख्या डी.एल. 1 एम.बी. 3926 दिल्ली से माल लोड करके चेन्नई जा रहा था। ट्रक को उनके पिता ग्राम छेदी का पुरवा प्रतापगढ़ निवासी हरी लाल पुत्र भागीरथी उर्फ बाबूलाल चला रहे थे। 21 सितंबर की रात करीब 12.56 बजे, जब ट्रक एनएच-44 पर अमझरा घाटी के पास पहुंचा, तभी विपरीत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे एक अज्ञात ट्रक के चालक ने अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। बताया गया है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक चालक हरी लाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटना की सूचना संबंधित पुलिस को दी गई और शव की आवश्यक कार्रवाई की गई। हादसे के बाद कोतवाली ललितपुर पुलिस द्वारा उनके पिता के शव का पंचनामा भरा गया। इसके बाद उन्होंने अपने पिता का अंतिम संस्कार संपन्न कराया। अंतिम संस्कार के पश्चात 24 सितंबर 2026 को थाना नाराहट पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। नाराहट पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 106 के तहत मामला दर्ज किया है।




