बबीना में तेज आंधी से बड़ा हादसा: सवारी से भरी टैक्सी पर गिरा पेड़, दो घायल
बबीना। थाना क्षेत्र के खैलार के समीप मध्य प्रदेश सीमा के पास झांसी बबीना मार्ग पर शनिवार दोपहर करीब 2 बजे तेज आंधी के चलते बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ अचानक सवारी से भरी टैक्सी पर गिर गया, जिससे वाहन बुरी तरह दब गया और उसमें सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टैक्सी पूरी तरह पेड़ के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के चलते मुख्य मार्ग पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। झांसी से बबीना की ओर जाने वाले वाहनों को अस्थायी रूप से वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया।
इस दुर्घटना में टैक्सी चालक दीपक साहू और एक बुजुर्ग महिला घायल हो गईं। टैक्सी में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें चालक समेत तीन यात्री शामिल थे। घायलों को तत्काल उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के संबंध में चालक के भाई लखनलाल साहू ने बताया कि दीपक साहू, निवासी शास्त्री नगर बबीना रूरल, दोपहर करीब 2 बजे जेल चौराहे से सवारी लेकर बबीना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खैलार के पास अचानक पेड़ गिरने से यह हादसा हुआ।उन्होंने बताया कि चालक और एक बुजुर्ग महिला को गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ हटवाकर यातायात बहाल कराया गया।




