बस से पहुंचे मंत्री, ई-रिक्शा में सफर कर जानी जनता की परेशानी
मोदी के आह्वान का असर: बस से पहुंचे मंत्री, ई-रिक्शा में सफर कर जानी जनता की परेशानी — सड़क सुधार के दिए सख्त निर्देश”
टीकमगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक ने एक बार फिर सादगी और जनसंवेदनशीलता का परिचय दिया। सागर से साधारण बस के जरिए नया बस स्टैंड पहुंचे मंत्री ने उतरते ही आम नागरिकों के बीच पहुंचकर उनका हालचाल जाना।
बस स्टैंड पर सक्रिय मानवीय संवेदना सेवा समिति द्वारा चलाए जा रहे शीतल जल सेवा कार्य से प्रभावित होकर मंत्री ने स्वयं लोगों को पानी पिलाया और इस सेवा कार्य की सराहना की।
इसके बाद मंत्री ई-रिक्शा में बैठकर अपने सांसद निवास के लिए रवाना हुए। रास्ते में नया बस स्टैंड से अंबेडकर मार्ग की जर्जर और खस्ताहाल सड़क को देखकर वे स्थिति को लेकर गंभीर हो गए।
हालात को समझते हुए मंत्री ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों को फोन लगाकर सड़क के जल्द से जल्द सुधार के सख्त निर्देश दिए।
मंत्री का यह सादगी भरा अंदाज और मौके पर त्वरित कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे जमीनी हकीकत से जुड़ा नेतृत्व और आम जनता के दर्द को समझने वाला कदम बता रहे हैं।




