ललितपुर:महरौनी रोड पर बस मे ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, आधा दर्जन यात्री घायल
महरौनी। ललितपुर–महरौनी रोड पर मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे एक बस में पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बस में सवार करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। इनमें दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना छिल्ला और बजरा तिराहा रोड के बीच हुई। ललितपुर से महरौनी की ओर जा रही बस (UP 93 AT 7311) को पीछे से आ रहे ट्रक (UP 94 AT 5665) ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आईं। कुछ यात्रियों के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य को मामूली चोटें लगीं।
बताया जा रहा है कि महरौनी की मास्टर कॉलोनी निवासी विजय (25) पुत्र गुलाब तथा अनिकेत (28) पुत्र जाहर, निवासी गिरार, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




