ललितपुर में पेड़ से गिरकर किसान की मौत
ललितपुर में पेड़ से गिरकर किसान की मौतः आम तोड़ते समय सांप निकलने से 20 फीट नीचे गिराललितपुर के ऐरा गांव में गुरुवार दोपहर आम के पेड़ से गिरकर एक किसान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आम तोड़ते समय पेड़ पर अचानक सांप निकल आया, जिससे घबराकर किसान 20 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया।
जाखलौन थाना क्षेत्र के ग्राम ऐरा निवासी 55 वर्षीय चंद्रभान उर्फ चंदू पटेल पुत्र सुखलाल पटेल गुरुवार दोपहर करीब दो बजे गांव के बाहर अपने खेत पर आम तोड़ने गए थे। वह 20 फीट ऊंचे आम के पेड़ पर चढ़े हुए थे, तभी उनके सामने वाली डाल पर एक सांप निकल आया। सांप को अचानक देखकर चंद्रभान घबरा गए और संतुलन खोकर नीचे गिर पड़े, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद अक्षय और हल्के ने परिजनों को सूचना दी। परिजन घायल चंद्रभान को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि चंद्रभान अपने दो भाई और चार बहनों में सबसे छोटे थे। उनके दो बेटे और एक बेटी है। वह खेती-किसानी के साथ-साथ मजदूरी का काम भी करते थे।




