ललितपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के चर्चित घनश्याम यादव हत्याकांड में घटना के तीसरे दिन भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस की चार विशेष टीमें उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। इस बीच वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति ब्रेजा कार मध्य प्रदेश के चंदेरी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे लावारिस हालत में बरामद हुई है।
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। गौरतलब है कि 28 जुलाई को बुढ़वार मार्ग पर हुए हमले में 60 वर्षीय घनश्याम यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि उनके पुत्र कृष्णपाल यादव और पत्नी गुड्डी यादव का इलाज अभी भी जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।




