बिजली जाते ही Jio-Airtel टावर का नेटवर्क गायब, एक साल से परेशान ग्रामीण
बार/ललितपुर। ब्लॉक बार अंतर्गत ग्राम पंचायत मथुरा डांग में लगा Jio और Airtel का मोबाइल टावर ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली जाते ही टावर भी बंद हो जाता है, जिससे मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह गायब हो जाता है।
ग्रामीणों के मुताबिक टावर पर जनरेटर की उचित व्यवस्था नहीं है। उनका आरोप है कि जनरेटर के लिए आने वाले डीजल का भी सही इस्तेमाल नहीं किया जाता। पिछले करीब एक वर्ष से नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि इमरजेंसी के समय भी फोन नहीं लग पाता।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार टावर कर्मियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार जल्द नेटवर्क चालू करने का आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित कंपनियों से टावर पर जनरेटर की समुचित व्यवस्था कर 24 घंटे नेटवर्क सेवा बहाल कराने की मांग की है।




