बारिश के पानी से स्विमिंग पूल बना पाली थाना, पुलिसकर्मियों और फरियादियों की बढ़ी परेशानी
ललितपुर। पाली थाना परिसर में बारिश का पानी भरने से पुलिसकर्मियों और फरियादियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाला निर्माण न होने के कारण बारिश का पानी निकासी के बजाय थाने परिसर में जमा हो गया है, जिससे पूरा परिसर जलभराव की चपेट में आ गया।
थाना परिसर में पानी भरने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें बदहाल जलनिकासी व्यवस्था साफ नजर आ रही है। लोगों का आरोप है कि पाली नगर पंचायत में जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में ऐसी स्थिति बन जाती है।
जलभराव के चलते थाने आने वाले फरियादियों के साथ पुलिसकर्मियों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए स्थायी नाला निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।


