उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

प्रेमिका की शादी से नाराज प्रेमी युवक ने लगाई फांसी, शादी की खुशियां मातम में बदली

 

पाली तहसील अंतर्गत थाना बालाबेहट के एक मजरा में का मामला

 

लड़की के मंड़प में शव रखकर लड़के के परिजनों ने किया हंगामा, पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई आरंभ की।

पाली।

पाली तहसील अंतर्गत ग्राम बालाबेहट के मजरा बजरंगगढ़ में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां कथित प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से एक ओर जहां शादी समारोह की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं, वहीं पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया।

 

जानकारी के अनुसार, सहरिया समाज में धोरा के पास किसी अन्य गांव से बारात आई हुई थी और विवाह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। इसी बीच पता चला कि दुल्हन का प्रेम प्रसंग गांव के ही एक युवक से चल रहा था। जैसे ही युवक को लड़की की शादी होने की सूचना मिली, उसने यह कदम उठा लिया और फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

 

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजन युवक का शव लेकर सीधे लड़की के घर पहुंच गए और शादी के मंडप के नीचे शव रखकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। शादी समारोह में शामिल लोग दहशत और शोक के माहौल में इधर-उधर भागते नजर आए।

 

घटना की जानकारी मिलते ही थाना बालाबेहट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए समझाइश दी और किसी तरह मामला शांत कराने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया गया।

 

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं शादी समारोह, जो खुशियों का प्रतीक था, वह अचानक दुखद घटना में बदल गया और दोनों परिवारों पर गहरा सदमा छा गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!